फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: शाम ढलते ही पार्क नहीं होंगे सुनसान, लगाई जाएंगी लाइटें

विज्ञापन
विज्ञापन
पार्कों में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था के लिए नगर निगम ने सवा करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। शहर के पार्कों को अब केवल सुबह की सैर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। फरीदाबाद नगर निगम ने पार्कों को रात के समय भी सुरक्षित, आकर्षक और उपयोगी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। पांच वार्डों के पार्कों में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था के लिए नगर निगम ने सवा करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत पार्कों में 4.2 मीटर ऊंची कॉलम ट्यूबुलर लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रोशनी बढ़ने के साथ पार्कों की सूरत भी बदलेगी।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना वार्ड नंबर 41, 42, 43, 45 और 46 के चयनित पार्कों में लागू की जाएगी। पांच वार्डों के सैकड़ों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इन इलाकों में लंबे समय से पार्कों में पर्याप्त रोशनी की कमी महसूस की जा रही है, जिसके कारण शाम ढलते ही पार्क सुनसान हो जाते हैं। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे अंधेरे के कारण पार्कों में जाने से कतराते हैं।
विज्ञापन


रात में भी सुरक्षित होंगे पार्क
नई लाइटिंग व्यवस्था से पार्कों में सुरक्षा का स्तर बेहतर होगा। नगर निगम का मानना है कि पर्याप्त रोशनी होने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और लोगों का भरोसा बढ़ेगा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंधेरे के कारण कई बार पार्कों में शराबखोरी या संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती है। रोशनी बढ़ने से ऐसी घटनाओं पर भी प्रभावी रोक लगेगी।

रात के समय भी बेफिक्र होकर सैर कर सकेंगे
इस योजना का एक बड़ा फायदा नौकरीपेशा लोगों को भी मिलेगा। जो लोग दिनभर काम में व्यस्त रहते हैं और सुबह पार्क नहीं जा पाते वे अब रात के समय भी बेफिक्र होकर सैर कर सकेंगे। फिटनेस प्रेमियों के लिए यह सुविधा किसी सौगात से कम नहीं है। इसके साथ ही बच्चों के लिए भी यह राहत की खबर है क्योंकि वे अब शाम के समय अंधेरा होने के डर के बिना पार्कों में खेल सकेंगे।

प्रीमियम लुक से बढ़ेगी पार्कों की खूबसूरती
नगर निगम द्वारा लगाए जाने वाले आधुनिक डिजाइन के लाइट पोल पार्कों को एक नया और प्रीमियम लुक देंगे। अधिकारियों के मुताबिक ये लाइटें न सिर्फ रोशनी देंगी बल्कि सौंदर्य की दृष्टि से भी आकर्षक होंगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुंदर पार्कों से आसपास की कॉलोनियों की प्रॉपर्टी वैल्यू पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।

एक साल में पूरा होगा काम
इस पूरी परियोजना को पूरा करने के लिए नगर निगम ने 12 महीने की समय सीमा तय की है। कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है निगम का दावा है कि गुणवत्ता और मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों ने जताई खुशी
स्थानीय निवासियों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह मांग वर्षों से उठाई जा रही थी और अब जाकर इसे मंजूरी मिली है। लोगों को उम्मीद है कि यह योजना क्षेत्र के पार्कों को नई पहचान देगी और शहर को एक और कदम आगे बढ़ाएगी।


लोगों की सुविधा के लिए निगम तेजी से काम कर रहा है। जल्द ही इस परियोजना का लाभ भी लोगों को मिलना शुरू हो जाएगा। - हरीश, कार्यकारी अभियंता नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें