सेक्टर-10, 64, 18 और एनआईटी के कई पार्कों में घास सूखी, पर्याप्त बेंच, झूले और ओपन जिम नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के कई सेक्टरों में पार्कों की बदहाल स्थिति से निवासी परेशान हैं। सेक्टर-10, 64, 18 और एनआईटी क्षेत्र के कई पार्कों में सुविधाओं के अभाव में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहीं बच्चों के खेलने के लिए झूले नहीं हैं तो कहीं पार्कों में घास सूख चुकी है। बुजुर्गों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच नहीं हैं और युवाओं के लिए ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
निवासियों ने बताया कि पार्कों में नियमित रखरखाव नहीं होने से हरियाली खत्म होती जा रही है। बच्चों को खेलने के लिए उचित सुविधा नहीं मिलने के कारण उन्हें पार्कों का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि पार्क केवल हरियाली के लिए नहीं, बल्कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पार्कों की नियमित सफाई और हरियाली बढ़ाने की मांग की। निवासियों ने नगर निगम से पार्कों का सर्वे कराकर मरम्मत, सफाई, घास की देखभाल, झूले, बेंच और ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित रखरखाव होने से पार्कों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और शहरवासियों को स्वस्थ वातावरण मिलेगा।
सुबह और शाम महिलाएं और बुजुर्ग पार्क में टहलने आते हैं, लेकिन बैठने के लिए पर्याप्त बेंच नहीं हैं।
- दीपक भाटिया, एनआईटी-तीन
युवा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हैं और पार्क में व्यायाम करना चाहते हैं, लेकिन ओपन जिम नहीं है।
- शिव कुमार वशिष्ठ, सेक्टर-10
पार्कों में सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। कई पार्कों में झूले और बैठने की व्यवस्था खराब या अपर्याप्त है।
- महावीर बिश्नोई, सेक्टर-18
कई स्थानों पर घास सूखी है। पार्कों का रखरखाव नियमित होना चाहिए। रात्रि में असामाजिक तत्व नशा करते हैं।
- हरीश, सेक्टर- 64