बल्लभगढ़। स्कूल द्वारा वार्षिक व मासिक फीस में वृद्धि किए जाने के विरोध में अभिभावकों ने स्कूल और इसके बाद पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर स्कूल के खिलाफ जमकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। जहां अभिभावक पहले तो पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन व नारेबाजी करते रहे, लेकिन करीब आधे घंटे तक जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो अभिभावक अंदर पहुंच गए और एसडीएम कार्यालय के समक्ष बने पार्क में नारेबाजी शुरू कर दी।
शोर सुनकर नायब तहसीलदार कन्हैयालाल ने नारेबाजी कर रहे अभिभावकों को शांत किया। पंचायत परिसर में आए अभिभावकों ने स्कूल के खिलाफ नारेबाजी कर नायब तहसीलदार को स्कूल द्वारा बढ़ाई गई फीस व वार्षिक शुल्क को माफ कराने के लिए ज्ञापन सौंपा जिसमें जल्द अपनी समस्या के समाधान की बात कही। प्रशासन की तरफ से आश्वासन मिलने के बाद अभिभावक घरों को लौट गए।
अभिभावकों ने भगत सिंह कॉलोनी स्थित एक स्कूल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बच्चे कई सालों से उस स्कूल में पढ़ रहे हैं। ऐसे में उनसे वार्षिक शुल्क लेना पूरी तरह से गलत है। वार्षिक शुल्क और एडमिशन फीस नए विद्यार्थियों से ही ली जा सकती है, जबकि वे जायज फीस देने को तैयार हैं। अभिभावक डोली का कहना है कि शिक्षा निदेशालय का फीस को लेकर 18 अप्रैल को ऑर्डर जारी हुआ था, जिसमें लॉकडाउन के चलते निजी स्कूल को केवल ट्यूशन फीस लेने की बात कही थी। अभिभावक बिजेंद्र कुमार ने कहा कि स्कूल वालों ने मासिक व वार्षिक फीस में 25 फीसदी बढ़ोत्तरी कर दी है। स्कूल ने मनमाने तरीके से फीस वसूलना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं स्कूल वाले बच्चों की टीसी में भी आना-कानी कर रहे हैं, जबकि अधिकतर अभिभावक राजकीय मॉडल स्कूल में बच्चों को करवाना चहाते हैं।