टिन शेड पर गिरने से टला बड़ा हादसा, बीके अस्पताल से दिल्ली रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव मुजेसर में एक निर्माणाधीन इमारत की पहली मंजिल पर वेल्डिंग का काम करते समय पैनल टूटने से तीन मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया। तीनों मजदूर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं।
घायल मजदूरों के साथ बीके अस्पताल पहुंचे ठेकेदार अरसद ने बताया कि मुजेसर में एक इमारत की पहली मंजिल पर ब्लिंकिट स्टोर बनाया जा रहा है। यहां बोर्ड लगाने सहित वेल्डिंग और अन्य निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान मजदूरों के काम करने के लिए लगाया गया पैनल अचानक टूट गया। इससे उस पर काम कर रहे तीनों मजदूर नीचे गिर गए। ठेकेदार के अनुसार, घायलों की पहचान मुजसिर, साहिब और फहीम के रूप में हुई है। तीनों सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। हादसे में उनके सिर और पैरों में चोटें आई हैं। बताया गया कि पहली मंजिल से गिरने के बाद तीनों नीचे लगी टीन शेड पर गिरे। सेक्टर-7 चौकी इंचार्ज राकेश ने बताया कि पुलिस को हादसे की सूचना अस्पताल से मिली है। अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।