जिला स्तरीय अंडर-14 आयुवर्ग के मुकाबलों का किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से बुधवार को जिला स्तरीय अंडर-14 आयुवर्ग के मुकाबलों का आयोजन किया गया। जहां पर खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, खो-खो और टेनिस स्पर्धाओं में अपना दम दिखाया और राज्य स्तर के लिए अपना चयन सुनिश्चित करने का प्रयास किया।
एथलेटिक्स की 200 मीटर दौड़ में पाखी भाटी ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया जबकि रक्षिता पाठक ने रजत और नंदिका ने कांस्य पदक हासिल किया जबकि नव्या ने चौथा स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में मुक्ता सैनी ने पहला और तपस्या ने दूसरा जबकि रूही तीसरे और मोनिका चौथे स्थान पर रहीं। शॉट पुट स्पर्धा में दृष्टि ने 6.45 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर पहला और आराध्या ने दूसरा जबकि दिती तीसरे स्थान पर रहीं।
खो-खो में खंदावली जीती
खो-खो बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में खंदावली स्थित राजकीय विद्यालय की टीम ने शानदार तालमेल और रणनीति के दम पर पहला स्थान हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की जबकि सेक्टर-9 की टीम उपविजेता रही।
टेनिस में 10 खिलाड़ी राज्य स्तर के लिए चयनित
टेनिस के अंडर-14 बालक व बालिका वर्ग में आगामी राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए जिला टीम का चयन भी किया गया। इनमें बालक वर्ग में नमन कुमार, समनवीर सिंह, कार्तिक अरोड़ा, सौरव अरोड़ा और अथर्व कालरा ने फरीदाबाद की टीम में अपनी जगह बनाई। जबकि बालिका वर्ग में सान्वी चौहान, अवनी अरोड़ा, मिशा पराशर, अमिका अदलखा और आकृति कुमारी ने राज्य स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।