फरीदाबाद। सेक्टर-56 में एक मकान में पुताई के दौरान हंसी मजाक जानलेवा साबित हुआ, जहां दो युवकों ने अपने ही साथी पेंटर पर थिनर डालकर आग लगा दी। इस घटना में कैली गांव का रहने वाला रवीन बुरी तरह झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रवीन ने पुलिस को बताया कि वह तीन फरवरी को अपने साथी विकास और कृष्ण के साथ एक घर में पेंट का काम कर रहा था। काम के दौरान तीनों आपस में हंसी मजाक कर रहे थे कि तभी अचानक कृष्ण और विकास ने उस पर थिनर फेंक दिया। इसी बीच विकास ने जलती हुई माचिस की तीली रवीन की तरफ फेंक दी जिससे उसके दोनों पैर आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद शुरुआत में आरोपियों ने रवीन का निजी डॉक्टर से घर पर ही इलाज कराया और मामले को दबाने की कोशिश की। इसके बाद उसे बल्लभगढ़ के एक नर्सिंग होम में भी ले जाया गया। जब छह फरवरी को रवीन का दर्द असहनीय हो गया तो घरवाले उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। वहां हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के पास बीके अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इस पूरे मामले में रवीन की शिकायत पर विकास और कृष्ण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। संवाद