फरीदाबाद में तेज रफ्तार कार ने शुक्रवार देर रात घर के बाहर अलग-अलग चारपाई पर सो रहे एक ही परिवार के छह सदस्यों को रौंद दिया। कार निर्माणाधीन मकान की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार गिर गई। हादसे में घायल बुद्ध कॉलोनी निवासी प्रकाश (40) पत्नी सुशीला (38), बेटी प्रीती (18), बेटा शिवम (15) और लव (10) और भांजी कोमल (13) मलबे में दब गए।
सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें सुशीला, कोमल और शिवम की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दिल्ली नंबर की गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार देर रात बड़खल फ्लाईओवर के पास बसी बुद्ध कॉलोनी में मकान के सामने प्रकाश का परिवार खुले में सो रहा था। घायल प्रकाश के मुताबिक मकान में मरम्मत होने के कारण कुछ दिनों से पूरा परिवार घर के बाहर चारपाइयों ही सो रहा था। शुक्रवार रात तेज रफ्तार टियागो कार अलग-अलग चारपाई पर सो रहे छह सदस्यों को रौंदकर निर्माणाधीन मकान से जा टकराई। हादसे में निर्माणाधीन मकान की दीवार घायलों पर जा गिरी।
मामले की जांच कर कर रहे हेड कांस्टेबल मुकेश भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 1 बजे उन्हें सूचना मिली कि बड़खल फ्लाईओवर के पास बसी बुद्ध कॉलोनी में एक कार ने टक्कर मार दी है। पीड़ित प्रकाश घर बनवा रहे हैं। वह परिवार व भांजी के साथ घर के बाहर ही चारपाई पर सो रहे थे।
तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर सो रहे छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में घायल प्रकाश उनकी पत्नी सुशीला, बेटी प्रीती, बेटा शिवम व लव और भांजी कोमल दीवार के मलबे में दब गए। कार उनके पड़ोसी जसवंत के घर की दीवार में जा टकराई थी। इससे एक कमरा पूरी तरह ढह गया।