दसवीं के परिणाम में मजदूर परिवार के छात्रों ने हासिल किए बेहतर नंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दसवीं का परिणाम घोषित होते ही जिले में कई प्रेरणादायक कहानियां सामने आई हैं। इनमें ऐसे छात्र शामिल हैं, जिन्होंने आर्थिक तंगी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और हौसले के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती है।
जिले में मजदूर और किसान परिवारों से आने वाले कई छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्रों ने दिन-रात मेहनत कर अपनी सफलता की कहानी खुद लिखी है। किसी के पिता खेतों में मेहनत करते हैं तो किसी के पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं।
छात्रों ने बताया कि उन्होंने नियमित पढ़ाई, शिक्षकों के मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। कई छात्रों के पास महंगे कोचिंग संस्थानों की सुविधा नहीं थी, फिर भी उन्होंने स्कूल की पढ़ाई और खुद की मेहनत पर भरोसा रखा। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इन छात्रों की सफलता पर गर्व जताया है। उनका कहना है कि यह परिणाम उन सभी के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी मान लेते हैं।
छात्रों से बातचीत
मैंने 10वीं में 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। मैं किसान पृष्ठभूमि से आती हूं। ऐसे में कई तरह की परेशानियां होती हैं, लेकिन मेरे परिवार ने कभी इसको बाधा नहीं बनने दिया।- लकी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तिगांव
मुझे 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। मैं एक साधारण परिवार से हूं। मेरे माता-पिता मुझे हमेशा सपोर्ट करते हैं। मैं इसका श्रेय उन्हें देता हूं।-वंशित, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-तीन