होडल,हथीन। पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री पर कार्रवाई करते हुए हसनपुर और हथीन क्षेत्रों में छापा मारा। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पहला मामला हथीन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड नंबर-1 निवासी दिनेश बिना अनुमति के आतिशबाजी बेच रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए 18 अक्तूबर को पुलिस ने बुराका रोड स्थित उसकी किराये की दुकान पर छापा मारा। मौके पर दिनेश पटाखे बेचता मिला। तलाशी में 90 किलो 300 ग्राम पटाखे, बम, फुलझड़ियां, रॉकेट और अन्य आतिशबाजी सामग्री बरामद हुई।
दूसरा मामला हसनपुर का है, जहां गोपीनाथ मोहल्ला निवासी सुमित सिंगला के घर पर पुलिस ने छापा मारा। सूचना थी कि वह हर साल की तरह इस बार भी बिना लाइसेंस के पटाखों की बिक्री कर रहा है। तलाशी में कमरे के भीतर चार खुली गत्ता पेटियां मिलीं, जिनमें भारी मात्रा में बम और अन्य पटाखे भरे हुए थे। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम व अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद