-फरीदाबाद क्रिकेट अकादमी को हराया, प्रियांशु यादव बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नौवें ऑल इंडिया रविंदर फागना अंडर-15 डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में गुलिया क्रिकेट अकादमी ने फरीदाबाद क्रिकेट अकादमी को 403 रन से हराया। गुलिया क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 4 विकेट खोकर 531 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रियांशु यादव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 63 गेंदों में 25 चौके और 8 छक्कों की मदद से 168 रन ठोके। वहीं, रेयान ने 93 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से 142 रन बनाए और अंशुमान चहल ने 49 गेंदों पर 13 चौके और 11 छक्के जड़ते हुए 138 रन की विस्फोटक पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फरीदाबाद क्रिकेट अकादमी की टीम 30 ओवर में ही 128 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से ए वी भड़ाना ने 46 गेंदों में 12 चौकों की मदद से सर्वाधिक 56 रन बनाए। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रियांशु यादव को मैन ऑफ द मैच और ए वी भड़ाना को फाइटर ऑफ द मैच घोषित किया गया।