नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नवलू कॉलोनी रेलवे रोड पर अवैध रूप से चल रहे ओयो होटलों पर बुधवार को नगर निगम और पुलिस प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। विभाग की ओर से करीब 40 से ज्यादा गेस्ट हाउस और ओयो होटलों को सील किया गया। ओयो होटलों में जब टीम व पुलिस पहुंची तो कमरे के अंदर मौजूद ग्राहक अपने कपड़ों से लेकर जूते चप्पलों को छोड़ कर भाग गए।
नगर निगम की जांच में सामने आया है कि जिन भवनों में होटल चल रहे हैं, उनमें से अधिकतर का नक्शा पास नहीं है। कई जगहों पर रिहायशी भवनों में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधि संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित संचालकों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। जवाब संतोषजनक न मिलने पर अब कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। साथ ही कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। बुधवार को करीब 40 से अधिक ओयो होटलों को सील किया गया।
बस अड्डा चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने बताया पिछले काफी लंबे समय से नवलू कॉलोनी में अवैध तरीके से ओयो होटल और गेस्ट हाउस चलाई जा रहे थे। जिनमें अवैध गतिविधियां हो रही थीं। कई बार पत्राचार करने के बाद बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
निगम के ज्वाइंट कमिश्नर करण भगोरिया ने बताया कि काफी लंबे समय से रेलवे रोड नवलू कॉलोनी में अवैध गेस्ट हाउस और ओयो होटल चलाए जा रहे थे। उनके पास किसी भी प्रकार की कोई परमिशन या दस्तावेज नहीं थे। सबसे पहले सभी गेस्ट हाउस और ओयो होटल को नोटिस जारी किए गए। पर्याप्त दस्तावेज न दिखाने पर बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई की गई। उनकी टीम की ओर से 40 से अधिक ओयो होटलों को सील किया गया है।