फरीदाबाद। पुलिस की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 20 दिनों में यातायात पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए। इसके अंतर्गत तेज गति से वाहन चलाने पर 2851, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 3655, बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर 1012 और लेन चेंज के उल्लंघन पर 4311 चालान किए गए हैं। इस तरह 20 दिन में कुल 36989 चालान किए गए है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना लाइसेंस वाहन चलाना एवं लेन अनुशासन का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं, जिन पर नियंत्रण करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि वाहन चालक अपनी और अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें। नियमों की अनदेखी न केवल जान-माल के लिए खतरा है बल्कि कानूनन कार्रवाई को भी आमंत्रित करती है।