जिले में लगातार बढ़ रहे हैं कुत्तों के काटने के मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में लावारिस कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जनवरी से जुलाई में अब तक 19 हजार से अधिक लोग एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवा चुके हैं। बीके अस्पताल में प्रतिदिन 100 से अधिक लोगों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।
अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में 2942, फरवरी में 3178, मार्च में 2884, अप्रैल में 3025, मई में 2888 और जून में 2679 लोगों ने एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाए। जुलाई में अभी तक करीब 2000 से अधिक लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं। लगातार बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है। चिकित्सकों का कहना है कि कुत्ते के काटने पर घाव को तुरंत बहते पानी और साबुन से अच्छी तरह धोना चाहिए और बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाना चाहिए।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि लावारिस कुत्तों को उकसाने से बचें, छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और काटने की किसी भी घटना को हल्के में न लें। वहीं, नागरिकों ने नगर निगम से लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण और नसबंदी अभियान में तेजी लाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।