ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से मारपीट और वर्दी फाड़ने के आरोप में अधिवक्ता
को गिरफ्तार किया संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सैनिक कॉलोनी स्थित मस्जिद चौक पर मंगलवार रात यातायात नियंत्रित कर रहे होमगार्डके साथ मारपीट करने, कार की चाबी से हमला कर लहूलुहान करने और वर्दी फाड़ने के आरोप में पुलिस ने अधिवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में जिला बार एसोसिएशन ने बुधवार से अदालत परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, बार के विरोध के बाद पुलिस ने गैर जमानती धारा हटा दी है। जिसके बाद आरोपी अधिवक्ता की जमानत हो गई है। अधिवक्ता इस मामले को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को इस मामले में बार एसोसिएशन और पुलिस आयुक्त के बीच बैठक हो सकती है।
यह घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे की है। ट्रैफिक पुलिस में तैनात होमगार्ड संदीप कुमार मस्जिद चौक पर यातायात नियंत्रित कर रहे थे। इसी दौरान मुल्ला होटल की तरफ से आ रही एक कार ने सैनिक कॉलोनी की ओर से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। जिस पर परिवार के साथ एक बच्चा और परिवार सवार था। संदीप ने कार चालक को रोककर वाहन पीछे करने को कहा, आरोप है कि कार चालक सैनिक कॉलोनी निवासी विशाल अदलखा ने अपने आपको अधिवक्ता बताते हुए बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर विशाल, उसके साथी उत्सव व अन्य ने होमगार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और कार की चाबी से उसके शरीर पर कई वार किए। हमले में होमगार्ड लहूलुहान हो गया और उसकी वर्दी भी फट गई। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी अपनी कार (जिसके शीशों पर काले पर्दे लगे थे) को सड़क के बीचों-बीच खड़ी कर अंदर बैठ गए, जिससे चौराहे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची एनआईटी-तीन पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों के समझाने पर भी जब आरोपी बाहर नहीं निकले तो पुलिस कार को आरोपियों सहित हाईड्रा मंगवाकर टोचन कर चौकी ले गई। पुलिस ने पीड़ित होमगार्ड की शिकायत पर विशाल, उत्सव व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
-
पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
अधिवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और गिरफ्तार कर रात भर हिरासत में रखने के विरोध में जिला बार एसोसिएशन फरीदाबाद ने बुधवार सुबह अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बॉबी रावत और महासचिव संजीव अत्री ने आरोप लगाया कि कार में अधिवक्ता की पत्नी और बच्चा भी मौजूद थे, इसके बावजूद पुलिस ने जबरन हाईड्रा से कार खींचकर प्रताड़ित किया और झूठी प्राथमिकी दर्ज की गयी। अधिवक्ताओं ने अदालत परिसर के गेट पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों को अदालत में प्रवेश करने से रोक दिया। अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने बताया कि बार एसोसिएशन के विरोध के बाद पुलिस ने गैर जमानती धारा हटा दी है। इससे अधिवक्ता की जमानत हो गई है। बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त और बार एसोसिएशन के बीच इस मुद्दे पर वार्ता होगी।