मौजूदा मैनहोल से गुरुग्राम नहर तक 200 एमएम व्यास की डीआई पाइपलाइन बिछाएगा एफएमडीए
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बस स्टैंड के आसपास बारिश के बाद जमा होने वाले पानी की निकासी के लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने नई व्यवस्था तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। एफएमडीए मौजूदा मैनहोल से गुरुग्राम नहर तक 200 एमएम व्यास की डीआई पाइपलाइन बिछाएगा। इसके साथ नई पंपिंग मशीनरी और पैनल भी लगाए जाएंगे। इससे बारिश के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में जमा पानी को तेजी से बाहर निकालने की व्यवस्था की जाएगी।
बस स्टैंड शहर के प्रमुख आवागमन केंद्रों में शामिल है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री यहां से बसों में सफर करते हैं। बारिश के दौरान आसपास पानी जमा होने से यात्रियों को बसों तक पहुंचने, पैदल आने-जाने और वाहन निकालने में परेशानी होती है। पानी लंबे समय तक जमा रहने से सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति भी बनती है। ऐसे में नई निकासी व्यवस्था से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
20 दिन में पूरा करना होगा काम
परियोजना की अनुमानित लागत 5 लाख 90 हजार 770 रुपये है। ठेकेदार को काम पूरा करने के लिए 20 दिन का समय दिया जाएगा। एफएमडीए ने इसके लिए खुली ऑनलाइन निविदा जारी की है। निविदा दस्तावेज के अनुसार 11,800 रुपये की ईएमडी और 2,180 रुपये की टेंडर व प्रोसेसिंग फीस निर्धारित की गई है। टेंडर 22 सितंबर शाम छह बजे जारी किया गया। इच्छुक एजेंसियां 30 सितंबर शाम पांच बजे तक ऑनलाइन बोली जमा कर सकती हैं। तकनीकी बोली एक अक्तूबर को सुबह 11 बजे खोली जाएगी। काम एफएमडीए के इंफ्रा-II डिवीजन के तहत कराया जाएगा।