सेक्टर-85 के बटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित सेक्टर-85 के बटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे मातृ शक्ति की ओर से निकाली गई कलश यात्रा से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न कराया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. आचार्य संतोष दास महाराज उपस्थित रहे, जो संत सुरक्षा मिशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं राघव कृष्ण कृपा कुंज आश्रम, वृंदावन के संरक्षक हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को संगठित करने की शुरुआत घर से करनी होगी। संबंधों की मर्यादा और संस्कारों का पालन ही भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने बच्चों को संस्कृति आधारित शिक्षा देने और समाज को सशक्त बनाने के लिए एकजुट होने की अपील की।
सम्मेलन के दौरान मंच से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, राष्ट्रगीत व विभिन्न वक्ताओं के विचार रखे गए। वक्ताओं ने एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भंडारा प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
-
प्रत्येक व्यक्ति को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए
इसी कड़ी में सैनिक कॉलोनी के सेक्टर-49 स्थित मार्केट परिसर में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत हवन से हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर राष्ट्र व समाज की उन्नति की कामना की।हवन के बाद बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बाल प्रतिभाओं ने राष्ट्रभक्ति, संस्कृति और सामाजिक विषयों पर अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। बच्चों की ओर से देशभक्ति गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि डॉ. ओमप्रकाश योगाचार्य ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। इस अवसर पर फरीदाबाद विभाग प्रचारक वीरभान ने कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और पंच परिवर्तन जैसे विषयों पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित और संस्कारित बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।