अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद की आरपीएस सिटी में रविवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया। सेमिनार का उद्देश्य बढ़ती उम्र में होने वाली बीमारियों को लेकर जागरूकता बढ़ाना और समय रहते सही इलाज की जानकारी देना रहा।
सेक्टर-16 स्थित निजी अस्पताल के सहयोग से सीनियर सिटीजन फोरम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में डॉक्टरों ने बुजुर्गों से जुड़ी आम लेकिन गंभीर बीमारियों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने न सिर्फ जानकारी हासिल की, बल्कि अपने स्वास्थ्य से जुड़े सवाल भी विशेषज्ञों के सामने रखे। वहीं न्यूरोलॉजी विभाग की निदेशक डॉ. सुषमा शर्मा ने मस्तिष्क और नसों से संबंधित बीमारियों पर जानकारी देते हुए कहा कि सिरदर्द, चक्कर आना, भूलने की समस्या जैसे लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेने से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है।