76 लाख रुपये की आएगी लागत, ठेकेदार को 4 महीने 10 दिन में करना होगा काम पूरा
अमर उजाला ब्यूरो।
फरीदाबाद। वार्ड 11 और 12 के लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से यहां ओपन जिम लगाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर 76 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से टेंडर जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि अगले सप्ताह तक टेंडर जारी कर दिया जाएगा। जिसके बाद इन पार्कों में ओपन जिम लगाने का काम शुरू हो जाएगा।
4 महीने में काम होगा पूरा
नगर निगम की ओर से बीते सप्ताह इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी। शनिवार 10 जनवरी तक टेंडर आवेदन की अंतिम तिथि थी। नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि ये काम पूरा करने के लिए ठेकेदार को 4 महीने 10 दिन का अधिकतम समय दिया जाएगा। इसी महीने में टेंडर अलॉट कर देंगे। ऐसे में मई महीने के अंत तक ये काम पूरा हो जाएगा। जिसके बाद वार्ड 11 और 12 के पार्कों में लोगों को ओपन जिम की सुविधा मिलने लगेगी और वे बेहतर ढंग से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख पाएंगे।
स्थानीय निवासियों में निगम की पहल से खुशी
वहीं नगर निगम द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के बाद से वार्ड नंबर 11 व 12 के निवासियों में खुशी का माहौल है। यहां डी ब्लॉक के रहने वाले राजेंद्र सिंह, मोहन कुमार, सोनवीर सिंह ने बताया कि सेहत का ध्यान रखने के लिए वो हर दिन सुबह-शाम पार्क में सैर करने जाते हैं। लेकिन यहां पर ओपन जिम की सुविधा नहीं थी। अब सुना है कि नगर निगम यहां पार्क में ओपन जिम लगवाने जा रहा है। ऐसे में हम सैर करने के साथ ही ओपन जिम में कसरत कर अपने स्वास्थ्य को अधिक बेहतर बना सकेंगे। ये हम जैसे काफी लोगों के लिए खुशी व राहत देने वाली खबर है।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही टेंडर अलॉट कर पार्कों में ओपन जिम का शुरू करा दिया जाएगा।