अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद नगर निगम के चुनाव में कुल 40.9 प्रतिशत मतदान हु । 1302 बूथों में से मात्र 153 बूथ ऐसे थे, जिन पर 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया। सेक्टर-16ए स्थित वार्ड नंबर 31 के केएल मेहता दयानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने बूथ नंबर 852 पर 209 मतदाताओं में से मात्र 13 ने मतदान किया।
नगर निगम चुनावाें में 1302 बूथों में से 1149 बूथ ऐसे हैं जहां 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ। मतदान प्रतिशत में गिरावट की बानगी ऐसी हैं कि 1302 बूथों में से 50 बूथों पर 20 प्रतिशत से भी कम मतदान हुआ। वहीं, 20 प्रतिशत से 30 प्रतिशत के बीच मतदान वाले 145 बूथ रहे। सेक्टर-16ए स्थित वार्ड नंबर 31 के केएल मेहता दयानंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने बूथ नंबर 852 पर मात्र 13 लोगों ने मतदान किया। यह आंकड़ा करीब 6.22 प्रतिशत रहा। यहां 209 मतदाता थे।
भाजपा मेयर प्रत्याशी के क्षेत्र में कम मतदान : भाजपा की मेयर प्रत्याशी प्रवीन बत्रा जोशी सूरजकुंड के पास चार्मवुड विलेज सोसाइटी की निवासी हैं। इस सोसाइटी और आसपास की सोसाइटी के मतदाताओं का मत मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल में बने पांच बूथों के अंतर्गत आता है। इन पांच बूथों पर मतदान प्रतिशत 22 से लेकर 39 प्रतिशत तक रहा। 605 पर 39.94, 606 पर 22.25, 607 पर 31.45, 608 पर 26.63 और 609 पर 27.07 प्रतिशत मतदान हुआ है।
ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र की हाईराइज सोसाइटियों में भी लोगों का रुझान मतदान में कम ही देखने को मिला।