संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (एचएसएसपीपी) ने प्रदेश के सभी प्राथमिक शिक्षकों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। परिषद का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों की पेशेवर क्षमता और शिक्षण कौशल को और अधिक सशक्त बनाना है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
परिषद की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि यह प्रशिक्षण दीक्षा प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगा। जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक सभी प्राथमिक शिक्षकों को अनिवार्य रूप से इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कर पाठ्यक्रम पूरा करना होगा। नए सत्र के अंतर्गत यह ऑनलाइन प्रशिक्षण 19 सितंबर से 14 अक्टूबर तक चलेगा।
प्रशिक्षण के तहत दो मुख्य पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। पहला कौशल और भाषा विकास और दूसरा पैटर्न। दोनों पाठ्यक्रमों के लिए यूनिक डिजिटल आईडी जारी की गई है, जिन्हें दीक्षा प्लेटफॉर्म पर एक्सेस किया जा सकेगा। परिषद ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और परियोजना समन्वयकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने स्तर पर इसकी निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शिक्षक प्रशिक्षण से वंचित न रहे।
विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रशिक्षण पूरा न करने पर संबंधित शिक्षक की प्रोफाइल अपडेट नहीं होगी। ऐसे में शिक्षकों को समय रहते दोनों पाठ्यक्रमों को पूरा करना अनिवार्य है। परिषद का मानना है कि इस कदम से न केवल शिक्षकों का कौशल विकसित होगा बल्कि कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
वर्जन
दीक्षा प्लेटफॉर्म पर शुरू किया गया यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे उनके कौशल और भाषा विकास में वृद्धि होगी और कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 14 अक्टूबर तक सभी प्राथमिक शिक्षकों को यह कोर्स अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। अशोक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी