कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कल से
फरीदाबाद। कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शनिवार 8 जून से शुरू कर दी जाएगी। दाखिला प्रक्रिया में विद्यार्थियों की मदद को हेल्प डेस्क व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कॉलेजों में तैयारियां की जा रही हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को आवेदन के लिए आकर्षित किया जा सके। इस बार दाखिला आवेदन के वक्त ही विद्यार्थी को दस्तावेज जमा कराने होंगे। दाखिला आवेदन की आखिरी तारीख 28 जून रखी गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इस बार दाखिला प्रक्रिया में राहत के लिए कई बदलाव किए हैं।
सूची जारी होने के 7 दिन के अंदर लेना होगा दाखिला
28 जून के बाद दो मेरिट लिस्ट जारी की जाएंगी। इसमें पहली सूची जारी होने के सात दिन के अंदर ही विद्यार्थी को दाखिला लेना होगा। दस्तावेज का सत्यापन और दाखिला भी इस वर्ष ऑनलाइन ही होगा। दाखिला मिलने के बाद विद्यार्थी को कॉलेज में जाकर दस्तावेज जमा कराने होंगे।
केवल दो मेरिट सूची होंगी जारी
प्रदेश में उच्च शिक्षा दाखिले के लिए इस बार केवल दो मेरिट सूची जारी की जाएंगी। दोनों ही सूची जारी होने के एक सप्ताह के भीतर आवेदक को दाखिला लेना होगा। यदि दाखिले में किसी कारण से आवेदक देरी करता है तो दाखिला प्रक्रिया से उसे वंचित रखा जाएगा।
ऑनलाइन ही अपलोड करने होंगे जरूरी दस्तावेज
दाखिला आवेदन के वक्त ही आवेदक को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसमें मार्कशीट, मूल निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज शामिल हैं। इस दौरान कई जानकारियां ऑटोफिल करने की सुविधा निदेशालय की ओर से दी गई है। जैसे कि प्रदेश या केंद्रीय बोर्ड पंजीकरण नंबर अपलोड करते ही आवेदक के प्राप्तांक, विषय व अन्य जानकारियां कंप्यूटर खुद भर देगा।
दाखिले व आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां मीडिया व वेबसाइट के जरिये आवेदकों तक पहुंचाई जा रही हैं। इसके अलावा कॉलेजों में हेल्प डेस्क व जरूरी सहायता सुविधा की तैयारी भी कर ली गई है। आवेदकों को समय रहते सभी जानकारियां दी जाएंगी। - प्रीता कौशिक, जिला उच्च शिक्षा नोडल अधिकारी