आरोपी नेहा खान ने अपने भाई आमिर से कराई थी युवती की दोस्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। यूपी पुलिस की ओर से धर्मांतरण और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किए गए छांगुर बाबा से फरीदाबाद पुलिस भी पूछताछ करेगी। थाना मुजेसर पुलिस ने शनिवार को धर्म परिवर्तन कराने के मामले के दूसरी आरोपी नेहा खान को भी गिरफ्तार किया है। नेहा पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी आमिर हुसैन की बहन है। पुलिस ने नेहा को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड पर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की दो टीमें मामले में संलिप्त दिल्ली पुलिस के सिपाही नवाब खान की भी तलाश कर रही हैं। इस दौरान पुलिस ने आरोपी आमिर हुसैन के फोन को जांच के लिए साइबर सेल को भेजा गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आमिर और उसकी बहन नेहा खान को दिल्ली के नांगलोई भी ले जाया जाएगा।
शुक्रवार को मुजेसर थाने की पुलिस ने छांगुर बाबा पर धर्मांतरण के मामले में एक मुकदमा दर्ज किया था। एक किशोरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साल 2023 में उसकी दोस्ती नेहा खान से हुई थी। नेहा खान ने उसकी दोस्ती अपने भाई आमिर हुसैन से कराई। उसके बाद आमिर ने अपने परिवार के साथ किशोरी को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्थित एक दरगाह में लेजाकर छांगुर बाबा के सामने धर्मांतरण करवाया। उसके बाद गोंछी में अपने एक रिश्तेदार के यहां लाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर उसे दिल्ली के नांगलोई में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। वहां दिल्ली पुलिस का एक सिपाही नवाब खान उसके साथ दुष्कर्म करता था। लिहाजा पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपी आमिर हुसैन को सात दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।