संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर 62 से गांव साहुपुरा की ओर जाने वाली सड़क पर दो ऑटो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मामले में कार्रवाई कर रही है।
गांव फतेहपुर बिल्लौच के रहने वाले कालीचरण अपने दो बेटों के साथ बल्लभगढ़ अनाज मंडी से सब्जी लेकर मोहना रोड के रास्ते सेक्टर 62 से गांव फतेहपुर बिल्लौच जा रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर-62 से साहुपुरा वाली सड़क पर पहुंचे तभी गांव साहुपुरा की ओर से आ रहे एक अन्य ऑटो ने उनके ऑटो में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सब्जियों से भरा ऑटो पलट गया और हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लेकिन उनके बेटों को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने उनको उपचार के लिए तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया।