- आरोपी राजकमल राजस्थान श्रीगंगानगर का रहने वाला है
- आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम पर टास्क के बहाने 34.47 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी राजकमल राजस्थान श्रीगंगानगर जिले का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता है। मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी चिरांश का बैंक खाता राजकमल ने ही साइबर ठगों को दिया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। मामले में चिरांश सहित 6 आरोपियों को टीम पहले गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-78 निवासी युवक ने बताया कि उसके व्हाट्सएप पर मैसेज करने वाले ने खुद को निजी कंपनी का एचआर अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि आपको एक लिंक के जरिये रेटिंग का काम दिया जाएगा। बाद में प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का लालच दिया। 15 हजार रुपये प्रीपेड टास्क में निवेश करने पर शिकायतकर्ता को 28,200 का मुनाफा दिखाया गया। ऐसा कर शिकायतकर्ता से 34.47 लाख रुपये निवेश करा लिए लेकिन रिफंड नहीं दिया गया। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।