साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने की कार्रवाई, अदालत में पेश कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बैंक कर्मचारी बनकर 11.55 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमन शाह यूपी के बागपत के काठा गांव का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि उसने अपना बैंक खाता ठगों को बेचा था। इस खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आए थे। आरोपी 10वीं पास है और बेरोजगार है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। इस मामले में चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
ठगी की यह वारदात सेक्टर-82 निवासी व्यक्ति से हुई थी। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनको यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की फरीदाबाद ब्रांच में अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाना था। इसके लिए उन्होंने बैंक की वेबसाइट पर जाकर ब्रांच का नंबर ढूंढा और कॉल की लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद शिकायतकर्ता के फोन पर एक नंबर से कॉल आया जिसने खुद को यूबीआई का कर्मचारी बताया। आरोपी ने शिकायतकर्ता के खाते की डिटेल व पिन नंबर लिया और खाते से 11.55 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।