आरोपी को साइबर क्राइम थाना एनआईटी ने जयपुर से गिरफ्तार किया
आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर ठगी मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अर्जुन कुमार बिहार भोजपुर का मूल निवासी है और अब राजस्थान जयपुर में रह रहा था। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अर्जुन कुमार इस मामले में बैंक खाताधारक है। इसके बैंक खाते में ठगी के 1.25 लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-21 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 18 नवम्बर 2025 को उनके टेलीग्राम पर शेयर बाजार में निवेश कर पैसे कमाने संबंधी मैसेज आया। मैसेज में दी जानकारी के अनुसार टेलीग्राम के माध्यम से ही शिकायतकर्ता ने ठगों से संपर्क किया। ठगों के झांसे में आकर उन्होंने 20 हजार रुपये निवेश किए। इस पर उन्हें मुनाफा होना दिखाया गया। बाद में रिफंड करने लगे तो ठग अधिक मुनाफे के नाम पर और रुपये जमा कराते गए। शिकायतकर्ता से कुल 335096 रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।