आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 3.51 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 23 साल का अभिषेक यूपी कुशीनगर का रहने वाला है। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अभिषेक ने शिवम से बैंक खाता लेकर आगे ठगों को दिया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-21 इलाके के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 21 अगस्त को टेलीग्राम एप के माध्यम से उनकी बातचीत एक महिला से हुई। महिला ने खुद को फॉरेक्स एक्सचेंज से जुड़ी टीम का सदस्य बताया। महिला द्वारा भेजे गए लिंक के माध्यम से शिकायतकर्ता ने एक अकाउंट बनाया और निवेश करना शुरू किया। ठगों के झांसे में आकर उन्होंने कुल 351050 रुपये का निवेश कर दिया। जब रिफंड का प्रयास किया तो बहाने से और रुपये मांगे जाने लगे। ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।