आरोपी ओडिसा के हेमंता कुमार को भिवानी से किया गया गिरफ्तार
3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फेसबुक पर दोस्ती कर व्यक्ति से 3.30 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 47 साल का हेमंता कुमार ओडिसा पुरी का मूल निवासी है। वो अब हरियाणा भिवानी जिले के विकास नगर में रह रहा था। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हेमन्ता कुमार ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया हुआ था। इसके खाते में ठगी के 30 हजार रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी भिवानी स्थित एक प्लास्टिक बैग निर्माण कंपनी में कार्यरत है। आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-10 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि फेसबुक के माध्यम से उनकी दोस्ती एक महिला से हुई। महिला ने खुद को एक गेमिंग एप की मैनेजर बताया। उसने बताया कि उसने ऐप पर गेम खेलकर काफी धनराशि जीती है, लेकिन उस राशि को निकालने के लिए 3.50 लाख रुपये टैक्स भरना पड़ेगा। महिला ने शिकायतकर्ता को लालच देते हुए कहा कि यदि वह रुपयों की मदद करेगा तो महिला उसे भी मुनाफे में हिस्सा देगी। शिकायतकर्ता ने झांसे में आकर 3.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में महिला ने संपर्क बंद कर दिया तो ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।