फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार कम होती जा रही है। सोमवार को एक बार फिर कोई नया मामला सामने नहीं आया। इससे पहले 28 जून को भी जिले में यही स्थिति देखने को मिली। लगातार एक सप्ताह में दूसरी बार कोई नया मामला सामने नहीं आया। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग इसे राहत का संकेत मान रहा है। वहीं पांच लोगों ने कोरोना को मात दी है।
जिले में इस समय मौतों का आंकड़ा भी संक्रमण के प्रकोप के गिरावट की ओर संकेत कर रहा है। बीते 20 दिनों में जिले में किसी भी कोरोना संक्रमित की मौत नहीं हुई है। जिले में अब केवल 34 कोरोना संक्रमित ही उपचाराधीन हैं। इनमें से 20 अस्पतालों में भर्ती हैं और 14 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। फिलहाल नौ मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर, जबकि एक मरीज का इलाज वेंटिलेटर पर जारी है।
सोमवार को 2693 सैंपल लिए गए
इस समय टीकाकरण पर जोर है। अब तक नौ लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग प्रक्रिया पर भी इन दिनों जोर दे रखा है। बीते 24 घंटों में 2693 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें से 627 मामलों की रिपोर्ट लंबित है। वहीं, अब तक कुल 9,44,434 लोगों की जांच की जा चुकी है।
वर्जन-
कोरोना के मामलों की कमी को लोग संक्रमण से मुक्ति न समझें। तीसरी लहर की आशंका लगातार बनी हुई है। इन दिनों सामाजिक दूरी को दरकिनार करते हुए लोग हर जगह दिखाई दे रहे हैं। लोग नहीं समझे तो परेशानी हर किसी को झेलनी पड़ेगी। सतर्कता ही कोरोना से बचाव का सही तरीका है। - डॉ. रामभगत, कोविड-19 नोडल