जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव करेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को फरीदाबाद जिले में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जिले सहित प्रदेशभर में सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार फरीदाबाद में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव करेंगी। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परेड, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्रों में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। बड़खल विधानसभा क्षेत्र में विधायक धनेश अदलखा तथा बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विधायक मूलचंद शर्मा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। संबंधित उपमंडल और ब्लॉक स्तर पर भी अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सरकारी निर्देशों के मुताबिक यदि किसी कारणवश निर्धारित जनप्रतिनिधि या अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो संबंधित उपायुक्त, उपमंडल अधिकारी (नागरिक) या तहसीलदार द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला, उपमंडल और तहसील मुख्यालयों पर पुलिस परेड आयोजित की जाएगी। जहां पुलिस बल पर्याप्त नहीं होगा, वहां होमगार्ड और एनसीसी कैडेट्स की सहायता ली जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य ढंग से संपन्न कराया जाए।