श्रद्धालुओं को प्रयागराज जाने में नहीं होगी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज में 13 जनवरी से महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस कुंभ में लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने के लिए जाते हैं। फरीदाबाद से जाने वाले श्रद्धालुओं को वहां पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इसके लिए फरीदाबाद रोडवेज डिपो की ओर से लोगों की मांग पर बस का संचालन करने पर विचार किया जा रहा है।
साल 2013 में प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन किया गया था। उस दौरान श्रद्धालुओं की मांग पर फरीदाबाद डिपो की ओर से रोडवेज बस का संचालन किया गया था। वह बस सुबह 6 बजे बल्लभगढ़ बस डिपो से मथुरा, इटावा, कानपुर के रास्ते प्रयागराज को जाती थी। वहीं अगले दिन सुबह 5 बजे वापस फरीदाबाद के लिए रवाना होती थी। जिससे श्रद्धालुओं को महाकुंभ में जाने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई। इस साल भी प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें स्मार्ट सिटी से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने के लिए जाएंगे। फरीदाबाद से जाने वाले श्रद्धालुओं को महाकुंभ में जाने में किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो, इसके लिए श्रद्धालुओं की मांग पर डिपो की ओर से प्रयागराज के लिए बस का संचालन किया जा सकता है।
ड्यूटी इंचार्ज भागीरथ शर्मा ने बताया कि अगर श्रद्धालुओं की मांग आती है तो वह प्रयागराज के लिए एक बस चला देंगे। जिसको लेकर उनकी ओर से उत्तर प्रदेश सरकार से अस्थायी तौर पर परमिट ले लिया जाएगा। उसके बाद बस को तुरंत प्रभाव से शुरू कर दिया जाएगा।