छह दिन से चल रहा है सफाई का कार्य, नालियों पर लोहे की जालियां और लाइटें लगाई गई, लिंटर की मरम्मत की गई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जलभराव में दो लोगों की मौत के बाद बंद किया गया ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास शुक्रवार को खुल सकता है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिससे नीलम, बाटा चौक और बड़खल रेलवे ओवर ब्रिज पर लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। हालांकि निगम अंडरपास को खोलने से पहले उस पर गेट लगाने की तैयारी कर रहा है। जिससे फिर से बारिश में इस तरह का हादसा दोबारा नहीं हो। इसके लिए मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को आदेश जारी किए हैं।
शुक्रवार रात हुई झमाझम बारिश से ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में करीब 12 फीट तक पानी भर गया था। इस दौरान अंडरपास से लोगों की आवाजाही रोकने के लिए न तो पुलिस की तरफ से कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न न ही खतरे की सूचना दी गई थी। ऐसे में गुरुग्राम स्थित एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक पुण्य श्रेय शर्मा और कैशियर विराज द्विवेदी ने जब अंडरपास से कार समेत निकलने का प्रयास किया तो पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस और नगर निगम अधिकारी हरकत में आए। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। अंडरपास को लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर निगम की ओर से पानी निकासी शुरू की गई। पानी निकासी के बाद जेसीबी से अंदर जमा गाद को साफ किया गया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त आयुक्त आनंद शर्मा को सौंपी। उन्होंने मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। बुधवार को मामले में पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के ब्यान भी दर्ज किए गए। बृहस्पतिवार को अंडरपास में रोशनी के लिए लाइटें लगाई गई। अंडरपास की दीवारों में आई दरारों की मरम्मत की गई। नालियों पर लोहे के जाल बिछाए गए। इससे अंडरपास के खुलने की उम्मीद जगी है।
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को आदेश दिया
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को आदेश दिया है कि पहले अंडरपास को लोगों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित कर दिया जाए। गेट के साथ रिफ्लेक्टर, गेट और लाइट लगाई जाए, उसके बाद ही यहां से आवागमन शुरू किया जाए।
अंडरपास बंद होने से लग रहा जाम
छह दिन से ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास बंद होने के कारण वाहनों का दबाव नीलम, बाटा चौक, सेक्टर-21 को जोड़ने वाले बड़खल रेलवे ओवरब्रिज पर बढ़ गया है। इन दिनों सुबह और शाम के समय भीषण जाम की स्थिति बन रहती है। अंडरपास खुलने से ही राहत मिलने की संभावना है। अतिरिक्त उपायुक्त आनंद शर्मा ने कहा कि गेट लगाने के साथ शुक्रवार को अंडरपास खोल दिया जाएगा। जांच की पूरी रिपोर्ट जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्य सचिव को भेज दी जाएगी। अभी इसको लेकर अधिक कुछ बताया नहीं जा सकता है।
वर्जन
अंडरपास की सफाई व लाइटें लगाने का कार्य पूरा हो गया है। लेकिन गेट लगाने का काम अभी बाकी है। जब तक गेट नहीं लगेंगे अंडरपास को लोगों की आवाजाही के लिए खोलना सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है।
-यशपाल सिंह, पुलिस प्रवक्ता