प्रधान सचिव ने समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो फरीदाबाद। समाधान शिविर पोर्टल पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लंबित और री-ओपन शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करते हुए एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। बैठक में सभी जिलों में विभागवार लंबित शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली गई। फरीदाबाद की ओर से एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बैठक में भाग लिया। प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री स्तर पर समाधान पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। ऐसे में सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण कर पोर्टल पर अपडेट उपलब्ध कराएं।
विज्ञापन
वीसी के बाद एडीसी ने जिले में लंबित और री-ओपन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने खास तौर पर उन शिकायतों का संज्ञान लिया, जिनमें एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद एटीआर अपलोड नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत न्यायालय में विचाराधीन हो या किसी अन्य विभाग से संबंधित हो, हर स्थिति में विभाग की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति पोर्टल पर दर्ज की जानी चाहिए।
एडीसी ने वर्ष 2025 की री-ओपन शिकायतों की दोबारा जांच करने और पुरानी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें संबंधित विभाग से जुड़ी नहीं हैं, उन्हें तुरंत सही विभाग को ट्रांसफर किया जाए। एमसीएफ से जुड़ी प्रॉपर्टी आईडी की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। एडीसी ने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ वास्तविक कार्रवाई का रिकॉर्ड भी पोर्टल पर स्पष्ट होना चाहिए। नोटिस, जांच या अन्य कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज भी अपलोड किए जाएं। बैठक में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार, डीडीपीओ प्रामिन्द्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।