सेहत पर पड़ रहा मौसम में बदलाव का असर, चिकित्सकों ने सावधानी बरतने की सलाह दी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में इन दिनों वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौसम में बदलाव के चलते बीके अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज बुखार, सर्दी, खांसी, बदन दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
चिकित्सकों के अनुसार मौसम में हो रहे बदलाव और उमस के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बच्चों के स्वास्थ्य पर भी साफ असर दिखाई देने लगा है। अस्पताल की ओपीडी में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक वायरल फीवर के लक्षणों के साथ पहुंच रहे हैं।
बीके अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि बदलता मौसम सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है, लेकिन छोटे बच्चों पर इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी है।