बैंक खाताधारक गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने पुराने पांच रुपये के नोट के बदले करोड़ों रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिरसा जिले के डींग निवासी विनोद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, सेक्टर-आठ निवासी व्यक्ति ने साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। उसने फेसबुक पर पुराने सिक्के और नोट खरीदने से संबंधित विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने खुद को एक एक्सचेंज-बायर कंपनी से जुड़ा बताया।आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पास मौजूद पुराने पांच रुपये के नोट को करीब एक करोड़ रुपये में खरीदने का झांसा दिया। इसके बाद टैक्स, सिक्योरिटी और कस्टम फीस समेत अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग खातों में कुल 1 लाख 2 हजार 267 रुपये जमा करा लिए। बाद में शिकायतकर्ता को ठगी का पता चला और उसने पुलिस को शिकायत दी।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों में हुए लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विनोद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि ठगी की रकम में से 28 हजार रुपये उसके खाते में आए थे। आरोपी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और वर्तमान में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और रकम के लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोशल मीडिया पर पुराने नोट या सिक्के महंगे दामों में खरीदने के विज्ञापनों पर भरोसा न करें।