-इंदौर-भोपाल रोड स्थित श्री विनायक इंटरप्राइजेज प्लांट से हुआ था चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से देवास से चोरी हुए एक डंपर को मात्र 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। यह कार्रवाई दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना तंत्र का परिणाम रही।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मध्यप्रदेश के देवास जिले के थाना बैंक नोट प्रेस में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह एक डंपर पर चालक के रूप में कार्यरत था। 3 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे डंपर को इंदौर-भोपाल रोड स्थित श्री विनायक इंटरप्राइजेज प्लांट में खड़ा किया गया था। सुबह करीब 4 बजे डंपर मालिक धनपाल सिंह सेंधव ने सूचना दी कि डंपर मौके से गायब है। तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस को डंपर की लोकेशन हरियाणा के नूंह जिले में मिली, जिस पर नूंह पुलिस से सहयोग मांगा गया। सूचना मिलते ही नूंह पुलिस ने रोजका मेव थाना क्षेत्र में घेराबंदी शुरू की। रेवासन टोल प्लाजा पर डंपर के पहुंचते ही चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को सुरक्षित कब्जे में लेकर दुरुस्त हालत में बरामद किया। थाना रोजका मेव के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने डंपर को मध्यप्रदेश पुलिस के जांच अधिकारी को सौंप दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।