- निपुण के दूसरे चरण की होगी शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले चौथी और पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी जल्द निपुण मिशन का लाभ मिलने वाला है। शिक्षा विभाग निपुण का दूसरा चरण शुरू करने की तैयारी में है। इसके लागू होने के बाद प्राथमिक स्तर के अधिक बच्चों को गतिविधि आधारित और खेल-खेल में पढ़ाई का अवसर मिलेगा। विभाग का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी पढ़ने, लिखने और गणित की क्षमता को और मजबूत बनाना है।
जानकारी के अनुसार अभी निपुण मिशन केवल तीसरी कक्षा तक सीमित है। इसके विस्तार के बाद चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए भी नई शिक्षण गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इससे बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी और सीखने के परिणाम बेहतर होने की उम्मीद है।
योजना को सफल बनाने के लिए फरीदाबाद और बल्लभगढ़ ब्लॉक के शिक्षकों को नियमित रूप से एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में शिक्षकों को नई शिक्षण विधियों और गतिविधियों की जानकारी दी जाती है, ताकि वे बच्चों को आसान और रोचक तरीके से पढ़ा सकें।
बता दें कि शिक्षा विभाग ने अप्रैल में कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों की एफएलएस परीक्षा भी आयोजित की थी। इस परीक्षा के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता का मूल्यांकन किया गया। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निपुण 2.0 लागू होने से प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
-
शिक्षा विभाग द्वारा जल्द ही निपुण मिशन के दूसरे चरण की शुरुआत की जाएगी। इससे जिले के अन्य बच्चोंं को भी फायदा पहुंचेगा।- मनमोहन, समन्वयक, एफएलएन