जिले के 27 प्रधानाचार्यों को मिलेगा पांच दिन का प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों में अब केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि स्कूलों के संचालन और प्रबंधन को भी आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए फरीदाबाद के 27 स्कूल प्रमुखों को नेतृत्व क्षमता के साथ एआई और डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
समग्र शिक्षा के तहत होने वाला पांच दिवसीय सेवाकालीन प्रशिक्षण 11 सितंबर से शुरू होगा। प्रदेश स्तर पर इस प्रशिक्षण के माध्यम से करीब 1100 स्कूल प्रमुखों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण के लिए जिला परियोजना समन्वयक को जिला स्तर पर कैलेंडर तैयार करना होगा। इसका उद्देश्य स्कूल प्रमुखों को बेहतर नेतृत्वकर्ता बनाना है, ताकि वे शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की निगरानी और स्कूल प्रबंधन को अधिक प्रभावी तरीके से चला सकें। प्रशिक्षण में स्कूल प्रमुखों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सूचना एवं संचार तकनीक, साइबर सुरक्षा, डिजिटल नागरिकता और डेटा की गोपनीयता जैसे विषयों की जानकारी दी जाएगी। डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और शैक्षणिक कार्यों में तकनीक के इस्तेमाल के तरीके भी बताए जाएंगे। स्मार्ट बोर्ड के प्रभावी इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, स्कूल सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, बाल संरक्षण, समावेशी शिक्षा और मूल्यांकन में सुधार जैसे विषय भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा वित्तीय साक्षरता और विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी मार्गदर्शन देने के तरीकों पर भी चर्चा होगी। विभाग ने प्रत्येक प्रशिक्षण बैच में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण की प्रभावशीलता जांचने के लिए प्रतिभागियों का प्रशिक्षण से पहले और बाद में परीक्षण भी कराया जाएगा।