संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड में 17 नवंबर को उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक को लेकर तैयारियों की समीक्षा आज मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की और सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बताया कि बैठक में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के मुख्यमंत्री, उप-राज्यपाल और मुख्य सचिव शामिल होंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत मंडल आयुक्त संजय जून ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएं उच्चतम स्तर पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग टीम भावना से कार्य करें।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यह आयोजन न केवल सफल हो, बल्कि फरीदाबाद प्रशासन की कार्यकुशलता और सकारात्मक छवि को भी प्रदर्शित करे।
-नीरज धर