ट्रेनों पर हो रही पत्थरबाजी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शरारती तत्व किसी न किसी ट्रेन को प्रतिदिन निशाना बना रहे हैं। बृहस्पतिवार की शाम इंटरसिटी एक्सप्रेस पर भी पत्थरबाजी हुई। इसमें एक दैनिक यात्री घायल हो गया।
रेलवे वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम नई दिल्ली से आगरा जाने वाली 14212 इंटरसिटी एक्सप्रेस में मनीष गोयल अपने साथियों के साथ पलवल जा रहे थे।
जब ट्रेन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आगे पहुंची तो नाले के पास कुछ असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर एक पत्थर तेजी से फेंका। जिस सीट पर मनीष गोयल बैठे हुए थे, उस सीट पर पत्थर ट्रेन से टकराने के बाद उनकी पीठ पर जा लगा, जिससे वह घायल हो गए।
साथ में सफर कर रहे रेलवे वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेस सचिव प्रकाश मंगला ने बताया कि अगर मनीष को पत्थर सिर में लग जाता तो बड़ी घटना घट सकती थी। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब ट्रेनों पर पत्थर फेंका गया हो।
अक्सर पत्थर फेंकने की घटनाएं दिल्ली-फरीदाबाद सेक्शन में घटती रहती हैं। एक अन्य दैनिक यात्री अमित राय ने बताया कि पांच दिन पहले शाम करीब 6:30 बजे भी शटल ट्रेन में तुगलकाबाद और फरीदाबाद के बीच में पत्थर मारने की घटना हुई थी।
गनीमत रही कि एक और यात्री बाल-बाल बच गया था। एसोसिएशन ने इसकी शिकायत आरपीएफ कमांडेंट शशि कुमार से की तो उन्होंने हाथ खड़े कर लिए। इसके बाद एसोसिएशन ने इसकी शिकायत रेलवे के उच्चाधिकारियों से की है।