बल्लभगढ़। भाई-बहन के बीच प्रेम के प्रतीक राखी के त्यौहार पर जेल में बंदी भाईयों से उनकी बहनें नहीं मिल सकेंगी। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार जेल में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। इस कारण इस बार जेल में बंदी भाइयों की कलाई सूनी रहेंगी।
हर साल राखी के त्यौहार पर जेल में बंद बंदियों से बहनों की मुलाकात कराई जाती थी, जिसमें भाई-बहन एक साथ बैठ कर राखी बंधवाते थे और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते थे। भाई-बहन के बीच प्यार के इस त्यौहार पर कोरोना संक्रमण की दीवार खड़ी हो गई है। जेल अधीक्षक जेके छिल्लर ने बताया कि राखी पर बंदियों को उनकी बहनों से मिलवाने के कोई आदेश नहीं आए हैं। वैसे भी फरीदाबाद जेल में पांच जिलों के कोरोना संक्रमितों को भी अलग से रखा जा रहा है। ऐसे में इस बार बहनें जेल में राखी नहीं बांध पाएंगी। हर साल जेल में इस त्यौहार को मनाने के लिए विशेष तैयारी की जाती थी। इस बार सादगी से यह त्यौहार मनाया जाएगा।