सेक्टर-11 में 263 और बल्लभगढ़ में 229 दर्ज किया गया एक्यूआई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सुबह-शाम ठंडक बढ़ गई है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ हुई। प्रदूषण की वजह से दोपहर तक आसमान में धुंध छाई रही।
गिरते तापमान की वजह से हवा ही सेहत भी बिगड़ रही है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से रविवार को जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार, एनआईटी का एक्यूआई 296 रहा, जो शहर में सबसे अधिक था। सेक्टर-11 में 263 और बल्लभगढ़ में 229 रिकॉर्ड किया गया। सेक्टर-30 का स्तर 213 रहा। सेक्टर 16-ए में प्रदूषण मापक मशीन खराब होने से से डाटा नहीं मिल सका।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक जिले का न्यूनतम और अधिक तापमान कम होने की संभावना है। इस अवधि के दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवा हल्की से मध्यम गति से चलेगी, जो दिन के तापमान को थोड़ा स्थिर रखेगी। रात में ठंड बढ़ा सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड बढ़ने, हवा की गति कम होने और धूल उड़ने से प्रदूषण नीचे जमने लगा है। ऐसे में सुबह-शाम धुंध और स्मॉग की परत और घनी हो सकती है। ठंडी हवाएं हवा में नमी कम कर देती हैं, जिससे धूल और प्रदूषक तत्व ऊपर उठने के बजाय नीचे ही रह जाते हैं। इससे वायु गुणवत्ता में गिरावट आती है। यही वजह है कि सुबह और शाम के समय शहरों में धुंध और स्मॉग की परत देखने को मिल रही है।