संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड में 23 से 26 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले दिवाली मेले को लेकर यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमानुसार अनुमति दी जाएगी। मेले में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस उपायुक्त एनआईटी एवं यातायात उत्तम के मार्गदर्शन में ये इंतजाम किए गए हैं। यातायात पुलिस के अनुसार, पाली चौक से एमवीएन नाका और सूरजकुंड की ओर, अनखीर चौक से सूरजकुंड की ओर, एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर और दिल्ली के प्रहलादपुर बॉर्डर से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
गुरुग्राम और पाली चौक की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चालक सैनिक कॉलोनी मोड़, मस्जिद चौक, प्याली चौक और बाटा चौक से होते हुए मथुरा रोड (एनएच-19) का इस्तेमाल कर सकते हैं। प्रहलादपुर बॉर्डर से फरीदाबाद आने वाले वाहन चालकों को सूरजकुंड मार्ग के बजाय बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते शहर में प्रवेश करने की सलाह दी गई है। एनएचपीसी चौक से शहर आने वाले वाहन चालक भी राष्ट्रीय राजमार्ग का इस्तेमाल करें।
यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
मेले में आने वाले वीवीआईपी लोगों के लिए धन्तेश्वरी गेट और होटल राजहंस के पास पार्किंग निर्धारित की गई है। सामान्य वाहनों के लिए होटल गोल्ड फिंच के सामने 4 एकड़ जमीन, होटल ताज विवांता के सामने और उसके साथ लगती जमीन तथा सूरजकुंड गोल चक्कर के पास नगर निगम की जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से बचने की अपील की है। दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आने-जाने वाले वाहन चालक जाम से बचने के लिए संभव हो तो सूरजकुंड मार्ग के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें