संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-5 क्षेत्र में शुक्रवार को बार-बार बिजली कटौती होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे घरों में पंखे, कूलर और एसी बंद हो गए। लंबे समय तक बिजली नहीं आने के कारण लोग घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से ही बिजली की आवाजाही शुरू हो गई थी। कई बार बिजली कुछ मिनटों के लिए आई और फिर चली गई। एक बार करीब एक घंटे तक और दूसरी बार लगभग दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। शाम करीब सात बजे तक यही स्थिति बनी रही। बार-बार हो रही कटौती से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित रही।
क्षेत्र निवासी राजेश कुमार ने बताया कि लगातार बिजली जाने से घर में रहना मुश्किल हो गया। पंखे और कूलर बंद होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि पूरे दिन बिजली के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा, जिससे कोई भी काम ठीक से नहीं हो सका। वहीं सुनीता शर्मा ने बताया कि उमस इतनी अधिक थी कि बिजली कटने के बाद घर के अंदर बैठना मुश्किल हो गया। मजबूरी में परिवार के लोगों को घर से बाहर निकलकर समय बिताना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि पहले से कटौती की सूचना मिल जाए तो लोग अपनी दिनचर्या उसी हिसाब से बना सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने बिजली निगम से मांग की है कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि बार-बार और लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि किसी तकनीकी कारण से कटौती करनी पड़ती है तो इसकी पूर्व सूचना दी जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।
हमारी तरफ से तकनीकी समस्या की वजह से एक बार 3 बजकर 19 मिनट पर आधे घंटे के लिए बिजली काटी गई थी। दूसरी बार शाम के 6 बजकर 35 मिनट पर कट इंपोज किया गया था। हालांकि लोकल डिवीजन में तकनीकी खामी आने पर भी कभी-कभी बिजली काटी जाती है।-उर्मिला, अधिशासी अभियंता