अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने शुक्रवार को नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर में पहले से निर्मित चार मंजिला मकानों पर की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को कंपाउंड फीस के माध्यम से राहत दी जाए ताकि लोगों को अपने घरों से बेघर होने की नौबत न आए।
बलजीत कौशिक ने कहा कि फरीदाबाद के शहरी क्षेत्रों में हजारों परिवार अपनी जीवनभर की कमाई से मकान बनाकर रह रहे हैं। ऐसे मकानों को तोड़ने की कार्रवाई से लोगों पर आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भवन निर्माण के दौरान नियमों की अनदेखी हुई है तो इसकी जिम्मेदारी आम नागरिकों पर नहीं डाली जानी चाहिए। मामले में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
कौशिक ने चेतावनी दी कि यदि चार मंजिला मकानों पर कार्रवाई के नाम पर लोगों को परेशान किया गया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन करेगी।
ज्ञापन देने के दौरान पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, अशोक रावल, गौरव ढींगड़ा, सुनीता फागना, उमेश कौशिक, विधान प्रताप सिंह, एनके शर्मा, बलजीत अरोड़ा, राहुल सरदाना, इशांत कथूरिया, मनीष बौद्ध, जुबेर खान, राजकुमार यादव समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।