Next hearing in Nikita kidnapping case on 26
फरीदाबाद। फास्ट ट्रैक कोर्ट निकिता हत्याकांड मामले में अपना फैसला सुना चुकी है लेकिन साल 2018 के मामला अभी भी लंबित है। सोमवार को इस मामले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनवाई की तारीख थी।। हालांकि कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 26 अप्रैल की तारीख दी है।
निकिता अपहरण मामले में तौसीफ और उसके परिजनों ने साल 2018 के अपहरण मामले से नाम हटाए जाने की याचिका जिला अदालत में दायर की थी। दरअसल, 26 अक्टूबर 2020 को बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा निकिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिला फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सोहना निवासी तौसीफ और नूंह निवासी उसके दोस्त रेहान को मामले में बराबर का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा दी थी। वहीं, इससे पहले साल 2018 में निकिता के अपहरण मामले में पुलिस ने तौसीफ सहित उसके परिजनों को आरोपी बनाया है। मामले में तौसीफ, उसके पिता, मां और चाचा आरोपी बनाए गए हैं।
गृह मंत्री अनिल विज के निर्देश पर पुलिस ने इस मुकदमे की नए सिरे से जांच शुरू की थी। हत्याकांड मामले में दोषी करार तौसीफ के परिजनों ने अपहरण मामले से उनका नाम हटाए जाने की अपील की थी। अपहरण मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सरताज बासवाना की अदालत में इस मुकदमे की सुनवाई चल रही थी। अब न्यायाधीश का तबादला रेवाड़ी हो चुका है।