75 हजार से अधिक बच्चों को मिलेगा पौष्टिक भोजन
फरीदाबाद। मिड डे मील योजना के तहत जिले में सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों मिलने वाले पौष्टिक आहार के वितरण का फरवरी माह का नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को संतुलित, स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ पढ़ाई में भी सुधार हो सके। नए शेड्यूल से जिले के 75 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार फरवरी महीने की शुरुआत से ही बच्चों को नियमित रूप से सब्जी, पुलाव और काला चना परोसा जाएगा। इसके अलावा सप्ताह के अलग-अलग दिनों में रोटी के साथ दाल-लौकी, राजमा-चावल और कढ़ी-पकौड़ा-चावल जैसे पौष्टिक व्यंजन भी दिए जाएंगे। बच्चों के भोजन में विविधता बनाए रखने के लिए मीठी दलिया, गुड़-रोटी, दही और मिलेट पराठा भी शामिल किया गया है।साथ ही विद्यार्थियों को मूंग और मसूर की दाल, मिस्सी की रोटी और नमकीन दलिया भी परोसी जाएगी। शिक्षा विभाग का कहना है कि मिड डे मील योजना के तहत जारी यह नया शेड्यूल बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने में भी मदद करेगा।