खुशबूदार और औषधीय गुण वाले पौधे लगेंगे, पुराने पार्कों का भी होगा कायाकल्प
82 लाख रुपये खर्च करके दी जाएगी सुविधा, फुटपाथ और सुरक्षा के लिए लगाई जाएगी ग्रिल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में हरियाली बढ़ाने और लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उद्यान विभाग की ओर से पार्कों के विकास और सुधार की योजना तैयार की गई है। इसके तहत सेक्टर-62 में नए पार्क विकसित करने के साथ पुराने पार्कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर निगम के साथ मिलकर इस काम को पूरा किया जाएगा और इस काम पर लगभग 82.23 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना के तहत नए पार्क में टो-वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण कर ग्रिल से फेंसिंग की जाएगी, जिससे पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं, पुराने पार्कों की खराब हो चुकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा। पार्कों में लोगों के टहलने के लिए फुटपाथ का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके अलावा पार्कों को हरियाली और खुशबू से भरने के लिए खुशबूदार तथा औषधीय गुणों वाले पौधे लगाए जाएंगे। इससे लोगों को सुबह-शाम टहलने के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा। पार्कों के विकास और रखरखाव से सेक्टर के निवासियों को स्वच्छ, सुंदर और हरियाली से भरपूर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होंगे। पार्क को विकसित करने का काम जो एजेंसी करेगी, उसे ही तीन साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। उद्यान विभाग के अधिकारी संदीप ने बताया कि पार्कों के विकास के लिए योजना तैयार हो चुकी है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्दी ही विकास कार्य शुरू कराया जाएगा।