फरीदाबाद के उद्यमी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। इंडो अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ लघु एवं मध्यम उद्योग (आईएबीसी) की नई कार्यकारिणी का ऐलान किया गया। इनमें एसटीआईसी के चेयरमैन सुभाष गोयल को उत्तर क्षेत्र का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा माइक्रूट्स फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. संजय नेगी को महासचिव और शक्ति कुमार सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद (एमएएफ) के महासचिव रामनीक प्रभाकर को आईएबीसी उत्तर क्षेत्र, दिल्ली-एनसीआर का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से फरीदाबाद के उद्यमी खुश हैं। अपनी नियुक्ति पर रामनीक प्रभाकर ने कहा कि यह जिम्मेदारी एक बड़ा अवसर है। मेरा विशेष प्रयास रहेगा कि दिल्ली-एनसीआर, विशेषकर फरीदाबाद के उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश, तकनीकी सहयोग और नए वैश्विक बाजारों से जोड़ा जाए।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को आईएबीसी के चेयरमैन डॉ. अजय प्रकाश मिश्रा द्वारा औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया गया। कार्यकारिणी के ऐलान के दौरान डॉ. अजय प्रकाश मिश्रा ने घोषणा की कि जनवरी 2027 में लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र के लिए अमेरिका और कनाडा में एक विशेष व्यापार प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) भेजा जाएगा, जिसका नेतृत्व रामनीक प्रभाकर करेंगे।