किसी भी आईटीआई में नहीं हो सकी कक्षाओं की शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) तथा महानिदेशालय प्रशिक्षण (डीजीटी) ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश और प्रशिक्षु सत्यापन की नई समय सीमा घोषित कर दी है। इसका सीधा असर फरीदाबाद के सभी आईटीआई पर पड़ रहा है, जहां कक्षाओं की शुरुआत तय समय पर नहीं हो पा रही।
जारी अधिसूचना के अनुसार, आईटीआई में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत एक सितंबर से होनी थी, जो अब देरी से शुरू होगी। वहीं, यह सत्र 16 जून 2026 तक चलेगा। मंत्रालय ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और एनएसटीआई को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए।
प्रशिक्षुओं का डाटा एपीआई या टेम्पलेट के माध्यम से अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। इस प्रक्रिया का पहला चरण 10 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद त्रुटिपूर्ण डाटा को सुधारकर पुनः अपलोड करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तय की गई है।
दूसरे चरण के तहत डाटा अपलोड 3 नवंबर से 11 नवंबर तक होगा, जबकि तीसरे चरण में 17 नवंबर से 24 नवंबर तक विलंबित डाटा अपलोड करने की अनुमति दी जाएगी, जिसके लिए 10 रुपये प्रति प्रशिक्षु जुर्माना देना होगा।
वहीं, चौथे चरण में 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक डाटा अपलोड की सुविधा उपलब्ध रहेगी, लेकिन इस अवधि में 100 रुपये प्रति प्रशिक्षु का जुर्माना निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षुओं का सत्यापन केवल आधार ईकेवाईसी के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रक्रिया 20 अक्टूबर से 30 जनवरी 2026 तक चलेगी।
आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि समय सीमा में आगे कोई विस्तार नहीं किया जाएगा। सभी आईटीआई और निदेशालयों को चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हुआ तो उनके अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिले के आईटीआई संस्थानों का कहना है कि नई समय सीमा के चलते कक्षाओं की शुरुआत प्रभावित हुई है, लेकिन प्रशिक्षण सत्र को पूरा करने के लिए अब सघन शैक्षणिक कार्यक्रम चलाया जाएगा।